छत गिरने से एक की मौत, चार घायल

झुंझुनू, 5 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान में झुंझुनू जिले के सुलताना गांव के वार्ड नं. 23 में एक घर में गैस सिलेण्डर फटने के बाद छत गिरने से एक साल की बच्ची की मौत हो गई। छत के नीचे दबने से परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए है। सभी घायलों को झुंझुनू के राजकीय बीडीके अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

सुलताना चौकी पुलिस के अनुसार कस्बे के वार्ड नं. 23 में सुबह साढ़े पांच बजे छत गिरने की सूचना मिली थी। जिसमें दबने से एक साल की फातमा पुत्री आरिफ की मौत हो गई। बच्ची के पिता आरिफ (30), माता नसीम (28), बेटी स्नाह (5) और आलिया (3) घायल हुए है। सभी को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी सिलेंडर फटने की पुष्टि नहीं की है। सूचना पर चिड़ावा एसडीएम भी मौके पर पहुंचे है।

घायल नसीम ने बताया कि वह सुबह बच्ची को दूध पिलाने की उठी थी। गैस पर दूध गर्म करते समय अचानक जोरदार धमाका हुआ। जिससे मकान की पट्टियां टूटकर नीचे गिर गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने दौड़कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। तुरन्त सभी घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां से हालात गंभीर होने पर सभी को झुंझुनू के बीडीके अस्पताल में रैफर कर दिया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने फातिमा को मृत घोषित कर दिया। बच्ची के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं तीन जनों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

परिवार के सदस्य ने बताया कि घटना के दौरान घर में दस सदस्य मौजूद थे। वो दूसरे कमरे में मौजूद होने से बच गए। बच्ची का पिता आरिफ गांव में ही मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रमेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर