यूपी बोर्ड : समस्याओं के निस्तारण के लिए 'समाधान' पोर्टल लांच

प्रयागराज, 06 जनवरी (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा परिषद्, उ0प्र0 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में हुई त्रुटियों के लिए अब चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके लिए यूपी बोर्ड कार्यालय में शनिवार को 'समाधान' पोर्टल लांच किया गया। जिसमें 13 प्रकार की सुविधायें प्रदान की जायेगी। समस्याओं का निस्तारण 15 दिवस में होना है। अन्यथा सम्बंधित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित होगा।

परीक्षार्थियों को परिषद के सम्बन्धित क्षेत्रीय कार्यालयों में जाकर त्रुटियों का निवारण कराने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। छात्र -छात्राओं के व्यापक हितों के दृष्टिगत उनकी कठिनाईयों के निवारण एवं उनकी अन्य समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के ऑनलाइन समाधान के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद् द्वारा प्रथम बार एक अभिनव प्रयास करके 'समाधान' पोर्टल ‘समाधान.यूपीएमएसपी.ईडीयू.इन’ शुभारम्भ किया गया।

बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार इस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं को कुल 13 प्रकार की सेवायें-सुविधायें प्रदान की जायेंगी। जिसमें आवेदन करने वाले छात्र-छात्रा को पोर्टल पर सर्वप्रथम अपना ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। इसके उपरान्त उन्हें एक पंजीकरण संख्या प्राप्त होगी। इसके साथ ही उन्हें पोर्टल पर लॉगइन करने हेतु उनकी यूजर आईडी एवं पासवर्ड भी उन्हें प्राप्त होगा। पंजीकरण के उपरान्त सम्बन्धित विद्यार्थी पोर्टल के माध्यम से ली जाने वाली सेवा का चुनाव करेंगे। आवेदन के लिए अन्य आवश्यक विवरणों को पोर्टल पर भरकर आवश्यक दस्तावेजों को भी अपलोड करेंगें। आवेदन करने के उपरान्त शिकायत सम्बन्धित क्षेत्रीय कार्यालयों को स्वतः स्थानान्तरित हो जायेगी।

क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा ऑनलाइन प्राप्त आवेदन-शिकायतों को डाउनलोड कर निर्धारित 15 दिन की अवधि में उसका निस्तारण कर पोर्टल पर ही उसकी सूचना अपलोड की जायेगी। छात्र-छात्रा पोर्टल पर निस्तारण की प्रगति को अपनी पंजीकरण संख्या द्वारा किसी समय ट्रैक कर सकता है। निर्धारित अवधि में शिकायतों के समाधान न करने पर सम्बन्धित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जायेगा।

यूपी बोर्ड सचिव दिव्य कांत शुक्ल ने बताया कि उक्त पोर्टल के अतिरिक्त विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु माध्यमिक शिक्षा परिषद्, मुख्यालय में एक 'समाधान' नामक कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। इस कन्ट्रोल रूम में दो टोलफ्री लाइन 1800-180-5310 तथा 1800-180-5312 पर प्राप्त शिकायतों व समस्याओं का समाधान कन्ट्रोल रूम में नियुक्त विशेष कर्मियों द्वारा केस नम्बर के साथ पंजीकृत करके किया जायेगा। समाधान होने के उपरान्त सम्बन्धित को भी उसकी सूचना दी जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर