तृणमूल नेता शेख शाहजहां अब तक लापता, पुलिस की भूमिका पर भाजपा ने उठाया सवाल

बनगांव, 11 जनवरी (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिला अंतर्गत संदेशखाली के तृणमूल नेता शेख शाहजहां एक सप्ताह बाद भी लापता हैं। इस मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रही भाजपा ने गुरुवार को नजत थाना घेराव किया। नजत थाना अभियान को लेकर इलाके में काफी तनाव रहा। प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में थाने की घेराव का कार्यक्रम था।

मिली जानकारी के अनुसार, भगवा खेमे के कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर नजत पुलिस थाने तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं-समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि किसी भी स्थिति में मैं नजत थाने में ज्ञापन जमा करूंगा। गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए थे। नजत थाने से एक किलोमीटर की दूरी तक धारा 144 जारी कर दी गई। सुकांत सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को क्षेत्र में प्रवेश करने से रोका गया। पुलिस बैरियर को नजरअंदाज करते हुए भाजपा के नेता और कार्यकर्ता एक-एक कर बैरिकेड तोड़ने लगे। इस दौरान सुकांत की पुलिस से बहस हो गई। कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के सामने पुलिस ने महिला पुलिस के जवानों को खड़ा कर दिया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बैरिकेड के सामने सड़क पर बैठ गये।

सुकांत ने राशन भ्रष्टाचार मामले में शामिल तृणमूल नेता शेख शाहजहां और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत का जिक्र किया। सबूत के तौर पर उन्होंने अपने मोबाइल फोन की तस्वीरें भी दिखाईं।

उल्लेखनीय है कि पांच जनवरी को ईडी शेख शाहजहां की तलाश में संदेशखाली गयी थी। इसके बाद शाहजहां के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा अधिकारियों पर हमला कर दिया गया। तब से शाहजहां फरार है।

भाजपा का दावा है कि शाहजहां ने पुलिस की मदद से अपनी जान बचाई है। सुकांत ने पुलिस अधीक्षक के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो शाहजहां के घर पर बुलडोजर चलवा दिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर