उप्र में कोहरा होगा कमजोर, शीतलहर रहेगी बरकरार

कानपुर, 14 जनवरी (हि.स.)। गंगा का मैदानी इलाका सहित पूरा उत्तर प्रदेश धुंध और कोहरा के साथ शीतलहर की चपेट में है। लेकिन पछुआ हवाओं के चलने से एक दो दिन में कोहरा दिन में कमजोर हो जाएगा। हालांकि सुबह शाम जरुर लोगों को परेशान करेगा। मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाओं से न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री के आसपास बना हुआ है और आगामी दिनों में भी शीतलहर बरकरार रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि पिछले कई दिनों से कानपुर मण्डल सहित गंगा के मैदानी इलाकों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे की घनी चादर छाई हुई है, जिससे इस क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। धुंध के इस घने आवरण ने सूरज की किरणों को नकारते हुए, दिन के तापमान में भारी गिरावट ला दी है। इससे उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन और यहां तक कि गंभीर ठंडे दिन की स्थिति पैदा हो गई है। यह सब पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं के कारण हो रहा है। अगले 2-3 दिनों में कोहरे की तीव्रता कम होने की उम्मीद है, जिससे दिन में कुछ राहत मिलेगी लेकिन शीतलहर की स्थिति कुछ दिनों तक बनी रहेगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 14.0 और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है। प्रातःकाल एवं रात्रि के समय शीतलहर चलने के साथ घने कोहरा छाये रहने के आसार है। दिन की सर्दी बरकरार रहेगी और दोपहर में उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने पर कोहरा कम होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर