भाजपा शासनकाल में राज्य को गरीबी से मुक्ति मिली: सुभाष दत्ता

गुवाहाटी, 17 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के शासनकाल में राज्य को गरीबी से मुक्ति मिली है। नीति आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, असम में करीब 22.5 फीसदी बेहद गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए हैं। असम में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या वित्तीय वर्ष 2013-14 में 36.97 प्रतिशत से घटकर वित्तीय वर्ष 2023-24 में 14.47 प्रतिशत हो गई है। उपरोक्त बातें आज भाजपा प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार के सहयोग से राज्य में 2016 से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा के प्रशासनिक कौशल, दूरदर्शिता और बुद्धिमत्ता ने 8 मिलियन से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।

प्रवक्ता ने कहा कि हमने डॉ हिमंत बिस्व सरमा के निरंतर प्रयासों से असम को भारत के शीर्ष पांच राज्यों में ले जाने के सपने और योजना को साकार होते देखा है। मुख्यमंत्री की सशक्त पहल से राज्य सरकार के राजस्व संग्रहण में वृद्धि हुई है।

राज्य की जीएसडीपी 5.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 6 लाख करोड़ रुपये हो गयी है। वे राज्य में स्थिर आर्थिक माहौल लाने के लिए मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्रियों और प्रत्येक अधिकारी को धन्यवाद देना चाहते हैं।

प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने कहा कि दिवंगत मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के शासन के दौरान असम में पूंजीगत व्यय चार हजार करोड़ रुपये था और अब भाजपा शासन के केवल चार से सात वर्षों में, असम में पूंजीगत व्यय 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस ने इतने लंबे समय तक असम के साथ बहुत अन्याय किया। अब राहुल गांधी ने कांग्रेस के अन्याय और पाप निवारण के लिए यात्रा शुरू कर दी है। राहुल गांधी अब विकास देखने असम आ रहे हैं।

अजीत भुइयां द्वारा राहुल गांधी को असम में आमंत्रित करने पर टिप्पणी करते हुए, दत्ता ने कहा कि बादुली फूकन की भूमिका निभाने वाले अजीत भुइयां, राहुल गांधी का स्वागत नहीं करेंगे? यह देखना बाकी है कि क्या एआईयूडीएफ के वोट से सांसद बने अजीत भुइयां अब सेलेंग गामोछा पहनेंगे या राहुल गांधी से उनके पिछले लेखों पर सवाल उठाएंगे। राहुल गांधी अब देखेंगे कि तरुण गोगोई के दिनों की उपेक्षित स्थान सड़कें, पुल अब कैसे विकसित हो रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर