भोपाल जिले में प्रातः 10 बजे से पूर्व संचालित नहीं होंगे स्कूल

भोपाल, 20 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश जिले शीत लहर की चपेट में हैं। इसी बीच भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शनिवार को जिले में स्कूलों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया है।

जारी आदेश में कलेक्टर सिंह ने कहा है कि भोपाल जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय विद्यालयों में शीतलहर एवं प्रतिकूल मौसम को दृष्टिगत विद्यालय प्रातः 10:00 बजे से पूर्व संचालित नही किये जाएंगे। कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाओं की पूर्व निर्धारित परीक्षाओं का संचालन निर्धारित समय सारणी अनुसार होगा। यह आदेश 31 जनवरी 2024 तक तत्काल प्रभावशील होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर