उप्र में हवाओं की बदली दिशाओं से फिर गिरा तापमान, बढ़ी गलन

कानपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व होने से तापमान बढ़ गया था और धूप निकलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली थी। लेकिन सोमवार को एक बार फिर हवाओं की दिशाएं पछुआ हो गईं जिससे तापमान गिर गया और कानपुर में तो न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अन्य जनपदों में भी दो से लेकर पांच डिग्री रहा जिससे गलन बढ़ गई और शीतलहर से लोग कांप उठे। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तर प्रदेश में 30 जनवरी तक शीतलहर चलती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में गंभीर शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। गंगा के मैदानी इलाकों के कई हिस्से भीषण ठंड और शीतलहर की स्थिति से जूझ रहे हैं। कई स्टेशनों पर दिन और रात दोनों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। ठंडे दिन और शीत लहर की दोहरी मार ने राज्य में लगभग भीषण ठंड की स्थिति पैदा कर दी है।

अयोध्या का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक और मेरठ का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, कानपुर 2.6 डिग्री रहा। वहीं, पारे का स्तर अपने सामान्य से 5-6 डिग्री सेल्सियस नीचे है, इसलिए शीत लहर की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यहां तक कि लखनऊ, फुरसतगंज और गोरखपुर में रात का तापमान इस मौसम में सबसे कम दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा नेपाल की तलहटी से लगती है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहा है, जिसके पीछे पीछे बेहद ठंडी हवाएँ चल रही हैं। ये बर्फीली ठंडी हवाएँ राज्य भर में ढलानों से लेकर तलहटी तक बहती हैं। समूचे मैदानी इलाकों में फैले घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर धूप लगभग शून्य हो गई है। अगले एक सप्ताह तक राहत की कोई संभावना नहीं है। बल्कि, निचले स्तरों में तेज़ हवाएं ठंड को बढ़ाएंगी, खासकर देर रात और सुबह के समय में। महीने के आखिरी दिन के आसपास आने वाला ताजा और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मामूली राहत दे सकता है। शुष्क और सर्द मौसम की स्थिति अगले सप्ताह की शुरुआत तक जारी रहेगी।

वहीं कानपुर में अधिकतम तापमान 16.0 और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है। प्रातःकाल एवं रात्रि के समय शीत लहर/धुन्ध/घने कोहरा छाये रहने के आसार है।

ऐसे में किसानाें को सूचित किया जाता है कि उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में 48 घंटों के मध्य शीत लहर का प्रकोप जारी रहने के कारण किसानों भाई अपने फसलों को पाला से बचाव करने के लिए हल्की सिंचाई करें। सरसों, चना, मटर, मसूर की फसल में सल्फ्यूरिक एसिड 0.1: एक लीटर दवा 1000 लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़काव करे।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/मोहित

   

सम्बंधित खबर