गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल कटारिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया

Assam_Governor_CMAssam_Governor_CMAssam_Governor_CM

गुवाहाटी, 26 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल गुलाब चन्द कटारिया ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य के केंद्रीय समारोह को संबोधित करते हुए देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इस बात की चर्चा की कि गणतंत्र दिवस किस प्रकार महत्वपूर्ण है। राज्य में मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित असम पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में आयोजित किया गया था।

इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं एवं शहीद हुए सशस्त्र बलों के जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। ज्ञात हो कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम “विकसित भारत” और “भारत-लोकतंत्र की मातृका है।

उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को दुनिया के सभी लोकतंत्रों में सर्वोपरि बताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत आजादी के इन वर्षों में किस प्रकार शक्तिशाली बना और आने वाले 5-6 वर्षों में विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। उन्होंने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास, जनकल्याण, अंतरिक्ष, सामरिक, कृषि, तकनीकि, परमाणु ऊर्जा, विदेश-व्यापार, आधारभूत ढांचा विकसित करने आदि के क्षेत्रों में किये गये उल्लेखनीय कार्यों की चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि असम से तीन विशिष्ठ लोगों को “पद्मश्री” से सम्मानित किया गया है। पार्वती बरुवा को समाजसेवा के क्षेत्र में, सर्वेश्वर बसुमतारी को कृषि के क्षेत्र में और द्रोणा भुइयां को कला के क्षेत्र में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मैं इस उपलब्धि के लिए पार्वती बरुवा, सर्वेश्वर बसुमतारी, द्रोणा भुइयां को हार्दिक बधाई देता हूं। इसके लिए मैं केंद्र सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं।

इस दौरान राज्यपाल ने बीते आठ वर्षों में पूर्वोत्तर के विभिन्न उग्रवादी संगठनों के साथ किये गये शांति समझौते का जिक्र करते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं के समाधान के लिए उठाये गये कदमों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि असम सरकार ने किस प्रकार सख्ती से अपराध को नियंत्रित किया है और बाल विवाह, महिला अपराध, नशा आदि को रोकने के लिए कार्य किया है।

इस दौरान उन्होंने शहरी विकास, प्रशासनिक सुधार, आर्थिक विकास, औद्योगिक विकास और निवेश, कृषि क्षेत्र, सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, खेल, संस्कृति और विरासत, युवा नेतृत्व विकास, पर्यावरण, बाढ़ एवं कटाव, केन्द्रीय फ्लैगशिप योजनाओं का कार्यान्वयन आदि क्षेत्रों में असम सरकार द्वारा किये गये कार्यों की चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही सुरक्षा बलों की सलामी ली। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के साथ ही अन्य गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं झांकियां प्रस्तुत की गयी। जिसमें स्कूली बच्चों की सहभागिता सराहनिय रही।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर