विराट कार्यकर्ता सम्मेलन को खड़गे 28 को करेंगे संबोधित

-कांग्रेस नेता बोले-खड़गे का दौरा न्याय को जगाएगा

देहरादून, 27 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 28 जनवरी (रविवार) को देहरादून के प्रस्तावित दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान देहरादून में एक विराट कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन को लोकसभा चुनाव के लिए आगाज के तौर पर माना जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि इसमें राज्य भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस नेता का कहना है कि अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का यह दौरा न्याय को जगाने का काम करेगा।

शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष करन महारा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत,पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदयाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, मीडिया प्रभारी डॉक्टर चयनिका उनियाल ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। इस दौरान प्रस्तावित विराट कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए जन सामान्य का आह्वान करते हुए उसमें प्रतिभाग करने की अपील की।

प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने कहा कि यह उत्तराखंड कांग्रेस का सौभाग्य है कि लोकसभा चुनाव के शंखनाद के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चार धामों की भूमि उत्तराखंड को चुना। खड़गे की आवाज हर वंचित, शोषित, गरीब और मजलूम की आवाज है। आज जिस तरह से एनसीआरबी का डाटा सामने आया है वह अत्यंत चिंताजनक है। आंकड़ों के अनुसार नौ हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड महिला अपराध के क्षेत्र में अग्रणी स्थान पर है, जहां 1 वर्ष में 907 दुष्कर्म और 778 महिलाओं के अपहरण हो गए। ऐसे में देश की जनता कांग्रेस के नेतृत्व की ओर आस भरी निगाहों से देख रही है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि आज देश के हालात हैं, उसको राष्ट्रीय अध्यक्ष देवभूमि से संदेश देंगे और वह पूरे देश में जाएगा। आज भाजपा की प्रचंड बहुमत और डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है। भाजपा का ना 2014 का कोई एजेंडा था ना 2019 का और न कोई 2024 का एजेंडा है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा की खड़गे न सिर्फ अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष हैं बल्कि इंडिया एलायंस के भी अध्यक्ष हैं। उनका यहां आना कई मायनों में बहुत महत्वपूर्ण है, मजदूरों को उत्पीड़नात्मक श्रम कानून से निजात चाहिए, किसानों को महंगाई से, महिलाओं को बढ़ते अपराध और अत्याचार से निजात चाहिए। नौजवान आज हताश और निराश है,भ्रष्टाचार पर अंकुश नही लग पा रहा है।

हरीश रावत ने धामी सरकार के परेड ग्राउंड नहीं दिए जाने की भी निंदा करते हुए कहा कि यह भाजपा में वैमनस्य की भावना को उजागर करता है। परेड ग्राउंड ना देकर सत्ता पक्ष समझता है कि वह विपक्ष की आवाज को दबा देगा, लेकिन ऐसा कतई नहीं होगा।

प्रीतम सिंह ने कहा कि परेड ग्राउंड देहरादून का हृदय स्थल है जिसे शासन प्रशासन ने कांग्रेस को देने से मना कर दिया जो खतरनाक परिपाटी है। रिवर्स पलायन के लिए आयोग गठित हुआ उसकी रिपोर्ट का अता पता नहीं। भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अंतर है, लेकिन कांग्रेस पूरी तत्परता से इस लड़ाई को लड़ेगी ।

गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे का आगमन कोने-कोने से कांग्रेस जनों में आस जगाने वाला और रोशनी देने वाला कार्यक्रम है। प्रदीप टम्टा ने कहा कि राहुल गांधी की मणिपुर से मुंबई तक जो भारत जोड़ो न्याय यात्रा चल रही है उसमें पांच बिंदुओं पर बात हो रही है। युवा न्याय महिला न्याय किसान न्याय श्रमिक न्याय और भागीदारी का न्याय। आज रोजगार के सभी स्रोत बंद हो गए हैं। कमजोर वर्ग का उत्पीड़न अपने चरम पर है ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे का यह दौरा आशा की एक किरण जगाता है।

पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशीए मीडिया प्रभारी पीके अग्रवाल एवं मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी भी मौजूद रहे।

बन्नू स्कूल में विराट कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे-

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 28 जनवरी को दोपहर 12ः30 पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे चौपर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगे। खड़गे का स्वागत वहां पर अभिनन्दन किया जाएगा। पुलिस लाइन से राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे बन्नू स्कूल ग्राउंड रेस कोर्स देहरादून पहुंचकर विराट कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।

युवा कांग्रेस स्वागत को लेकर की तैयारी -

शिवा वर्मा मीडिया प्रभारी युवा कांग्रेस ने बयान जारी कर बताया कि विराट कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर की अध्यक्षता में मीटिंग का आयोजन कर सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। मल्लिका अर्जुन खड़गे का यह पहला उत्तराखंड दौरा है और इस सम्मेलन को सफल बनाना हम सब की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर रितेश छेत्री,रोबिन त्यागी,विनीत प्रसाद भट्ट,मोहन भंडारी,नवीन रमोला,ऋषभ जैन,मोहित मेहता,सिद्धार्थ वर्मा,शुभम चौहान,कार्तिक बिरला,मोहम्मद वसीम,रोहित ठाकुर,निशांत कुमार,अमनदीप बत्रा,नितिन चंचल आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर