असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की चेतावनी

गुवाहाटी, 31 जनवरी (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है।

आईएमडी ने बुधवार को बताया है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी के दौरान असम, मेघालय, सिक्किम नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। साथ ही कहा गया है कि अगले सात दिन (30 जनवरी से 5 फरवरी) के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की एवं मध्यम छिटपुट से लेकर काफी व्यापक वर्षा एवं बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा 2 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट भारी वर्षा एवं बर्फबारी की भी संभावना है और 31 जनवरी और 2 फरवरी को उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट ओलावृष्टि की भी संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), गुवाहाटी के अनुसार गुवाहाटी के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 31 जनवरी को न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा 1 फरवरी को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी। ऐसे ही 2 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर