उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

कानपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि दो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। पहले की वजह से एक फरवरी को बारिश के आसार हैं तो वहीं दूसरे के चलते चार और पांच फरवरी को बारिश होगी। इसके साथ ही पछुआ हवाएं चलेंगी। इससे दिन और रात के तापमान गिरेंगे और सर्दी बनी रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पाण्डेय ने बुधवार को बताया कि अगले 4-5 दिनों के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ेंगे। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी हवाओं में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर देशांतर 64 पूर्व और 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के साथ एक गर्त के रूप में देखा जा रहा है।

बिहार और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 31 जनवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर आ सकता है। इनकी वजह से अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 1 व 2 फरवरी को हरदोई, सीतापुर और लखीमपुर खीरी में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह और रात के समय सर्दी पड़ेगी। कोहरा छाये रहने तथा दोपहर में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की धूप निकलने के आसार हैं। वहीं तापमान में उतार चढ़ाव जारी रह सकता है। इस बीच सर्दी बनी रहेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 47 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रही जिनकी औसत गति 1.0 किमी प्रति घंटा रही।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दिलीप

   

सम्बंधित खबर