भाजपा विधायक अग्निमित्रा को झेलना पड़ा विरोध

जामुड़िया (पश्चिम बर्दवान ), 31 जनवरी (हि.स.)। लगभग एक महीने से स्थानीय लोग पीने के पानी की कमी से जूझ रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने पर बुधवार को आसनसोल दक्षिण मध्य से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल जामुड़िया में एबीपिट कोलियरी से सटे इलाके के निवासियों से समस्या के समाधान के लिए बात करने पहुंची। बुधवार को जब वह दौरे पर आईं तो उन्हें स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। विधायक ने दावा किया कि प्रदर्शनकारी तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता थे। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने इसे मानने से इनकार कर दिया।

इस दिन विधायक अग्निमित्रा पॉल ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने इलाके में जाकर लोगों से बातचीत की। ईसीएल के अधिकारियों से भी बात की ताकि पेयजल की समस्या का शीघ्र समाधान हो सके। वहीं जब वह इलाके के लोगों से बात करने निकली तो इलाके के लोगों ने उनकी कार को घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद भाजपा विधायक की स्थानीय लोगों के साथ झड़प हो गई जिससे माहौल गर्म हो गया। किसी तरह अग्निमित्रा वहां से बाहर निकलीं।

घटना के संबंध में अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि विरोध जताने वाले तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता थे। वे इसके अलावा और कुछ नहीं कर सकते। इतने लंबे समय से पीने का पानी नहीं है। वे पीने का पानी उपलब्ध कराने में सक्षम नहीं हैं। मैंने आकर ईसीएल के जीएम से बात की, बहुत जल्द पीने का पानी आ जायेगा।

वहीं, एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि चार जनवरी से यहां पीने के पानी की समस्या है। उन्होंने पूछा कि वह (विधायक) इतने समय बाद यहां क्यों आई? अगर वह वास्तव में पीने के पानी की समस्या का समाधान करना चाहती थीं, तो वह ईसीएल जातीं। उन्होंने वहां के अधिकारियों से बात की होतीं। यदि आवश्यक होता, तो वह नगर निगम जातीं लेकिन वह क्षेत्र के लोगों के प्रति सहानुभूति रखने के लिए लोकसभा चुनाव से पहले लोगों को प्रभावित कर रहीं हैं। हम कोई राजनीति नहीं चाहते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर