ग्वालियर: ग्वालियर-चंबल में रविवार को बारिश की संभावना

-भिण्ड, मुरैना, श्योपुर जिलों में हो सकती है ओलावृष्टि

ग्वालियर, 03 फरवरी (हि.स.)। हिमालय में एक के बाद एक लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को हिमालय में पहुंचे तीव्र आवृत्ति वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बिगडऩे की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान भिण्ड, मुरैना, श्योपुर जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई जा रही है।

ग्वालियर में शनिवार को दिन भर मौसम शुष्क रहा। इस दौरान चटक धूप खिली रही। इस वजह से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है लेकिन शाम को आसमान में घने बादल छा गए। मौसम विज्ञान केन्द्र भोपाल के मुख्य मौसम विज्ञानी वेदप्रकाश ने बताया कि शनिवार को तीव्र आवृत्ति का पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंच गया है। इसके प्रभाव से अरब सागर से नमी आना शुरू हो गई है। इससे ग्वालियर-चंबल संभाग का मौसम बदलने लगा है। आसमान में बादल छाने लगे हैं। अगले 24 घंटे के दौरान भिण्ड, मुरैना, श्योपुर जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान इन तीनों जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है जबकि ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके बाद पांच फरवरी सोमवार को भी बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान सुबह मध्यम से घना कोहरा भी पड़ सकता है जबकि छह फरवरी मंगलवार से मौसम शुष्क हो जाएगा। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में शनिवार को अधिकतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 95 और शाम को 48 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर