महर्षि दयानंद के 200वें जन्मोत्सव में शामिल हुए पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद

जन्मोत्सव 

- ईश्वरीय वाणी है वेद, इसके प्रचार-प्रसार से ही आमजन का कल्याण संभव : गंगा प्रसाद

मोरबी, 11 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात के मोरबी जिले के टंकारा में आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वें जन्मोत्सव में रविवार को सिक्किम के पूर्व राज्यपाल व बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के पूर्व प्रधान गंगा प्रसाद विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वेद ईश्वरीय वाणी है और इसके प्रचार-प्रसार से ही आमजन का कल्याण संभव है। तीन दिवसीय समारोह में बिहार से आर्य समाज व इससे जुड़ी संस्थाओं के तकरीबन एक हजार प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। जन्मोत्सव की विधिवत शुरुआत हवन यज्ञ से हुई जिसमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी शिरकत की। मुख्य समारोह में योगगुरु बाबा रामदेव और कथावाचक रमेश ओझा ने भी भाग लिया। प्रसाद ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने के लिए टंकारा में भव्य तैयारियां की गई हैं। पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। महर्षि दयानंद के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी आर्यजनों को आकर्षित कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/प्रभात

   

सम्बंधित खबर