प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार भी प्रधानमंत्री बनने जा रहे:दिनेश लाल यादव

वाराणसी,19 फरवरी(हि.स.)। आजमगढ़ से भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। वाराणसी आए दिनेश लाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव को आजमगढ़ से फिर लोकसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। अखिलेश यादव पर यादवों का हक छीनने का आरोप लगाते हुए दिनेश लाल ने कहा कि वह यादवों के नेता हैं तो उन्हें यादवों के हित में सोचना चाहिए। जब अखिलेश यादव को पता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार भी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं तो वह भाजपा के साथ आते और गठबंधन करते। वह इंडिया गठबंधन में नहीं जाते। इस गठबंधन का दूर- दूर तक कोई भविष्य ही नहीं है। ऐसे में यदि अखिलेश यादव यादवों के सबसे बड़े नेता है, तो यादवों का भविष्य भी अंधकार में डालने वाले भी वही हैं।

एक सवाल के जवाब में दिनेश लाल यादव ने कांग्रेस को समाप्त हुई पार्टी बता दिया। राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सवाल पर सांसद ने कहा कि पहले राहुल गांधी से पूछा जाए कि भारत टूटा ही कब है। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम ने राहुल गांधी को सद्बुद्धि दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर