बरपेटा पुलिस की छापेमारी में 12 सूदखोर गिरफ्तार

बरपेटा (असम), 22 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य में अवैध रूप से चल रहे सूदखोरी प्रथा के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस द्वारा बरपेटा के सूदखोरों की धरपकड़ शुरू की गयी है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि मंगलवार की रात बरपेटा, सरभोग हाउली और बरपेटारोड पुलिस ने छापेमारी कर 12 सूदखोरों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने इसकी जानकारी बीती देर रात को सार्वजनिक की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सरभोग पुलिस ने दो सूदखोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों की पहचान नसीबुर रहमान और बशीर अली के रूप में हुई है। इसी तरह, बरपेटारोड पुलिस ने छापा मारा और दो अन्य सूदखोरों उत्तम साहा और नसीर दीवान को गिरफ्तार किया।

इस बीच, हाउली पुलिस ने भी सूदखोरों के खिलाफ छापा मारा और तीन आरोपित शफीकुल इस्लाम, सादिक अली और अब्दुल खालेक को गिरफ्तार किया है। इसी तरह, बरपेटा सदर पुलिस स्टेशन की टीम ने छापा मारा और पांच सूदखोरों बितुल पाठक, किरण पाठक, जतिंद्र नाथ तालुकदार, शाहिदुल इस्लाम और शाहजहां अली को गिरफ्तार किया।

सूत्रों ने बताया है कि मंगलवार की रात बरपेटा, हाउली, सरभोग और बरपेटारोड पुलिस ने छापेमारी कर 12 सूदखोरों को गिरफ्तार किया था, हालांकि, गिरफ्तारी का खुलासा पुलिस ने बुधवार की देर रात को मीडिया के सामने किया। इस बीच यह एक रहस्य का विषय बना हुआ है कि पुलिस ने सूदखोरों के बारे में जानकारी देने में इतनी देरी क्यों की।

इस बीच लोगों ने पुलिस से अपील की है कि इस अभियान को बड़े साहूकारों को खोजने की बजाये छोटे-छोटे लोगों को सिर्फ हिरासत में न लें। पूरे राज्य में इन दिनों मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूदखोरों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर