राज्यपाल ने सोनबील उत्सव-2024 का किया उद्घाटन

- सोनबील के पारिस्थितिक महत्व को संरक्षित करने के लिए व्यापक प्रयासों पर जोर दिया गया

- करीमगंज के विकास कार्यों का लिया जायजा

गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को करीमगंज के सोनबील में सोनबील उत्सव-2024 का उद्घाटन किया। डोनर मंत्रालय के सहयोग से असम विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और आर्द्रभूमि संरक्षण पर जागरुकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा, “मीठे पानी की झील सोनबील की महिमा, क्षेत्र के प्रचूर खजाने का उदाहरण है। विशाल जलराशि अपने जीवन के साथ-साथ जलीय जीवन और लोगों के लिए समृद्धि प्रदान करने वाली प्रकृति का चमत्कार है। अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस प्राचीन झील की दृश्यता बढ़ाएं और इसकी पर्यटन क्षमता को प्रकृति के अनुरूप बनाएं। दुनिया भर में झील के महत्व को बढ़ाने के लिए संचार चैनलों को पुनर्जीवित करना और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाना महत्वपूर्ण है।

कटारिया ने पूर्वोत्तर परिषद, डोनर, स्थानीय सांसद, जिला प्रशासन और अधिक महत्वपूर्ण रूप से सीमांत क्षेत्रों के लोगों जैसे अन्य लाभार्थियों के सहयोग से सोनबील उत्सव के आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए असम विश्वविद्यालय की सराहना की। राज्यपाल ने सोनबील पर अध्ययन करने और इसके सतत विकास और पर्यावरण-पर्यटन को बढ़ावा देने में योगदान देने के लिए असम विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि दुर्लभ मछली प्रजातियों के आवास और प्रवासी पक्षियों के अभयारण्य के रूप में सोनबील की स्थिति को देखते हुए, इसकी पारिस्थितिक अखंडता को संरक्षित करने के लिए भी व्यापक प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा, सोनबील के अमूल्य संसाधनों की सुरक्षा करके, हम न केवल अपने पर्यावरण प्रबंधन को बरकरार रखते हैं, बल्कि सोनबील को इको-पर्यटन के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में बढ़ावा देते हैं, जिससे यात्रियों को इसकी अद्वितीय और प्राचीन सुंदरता में डूबने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

इस कार्यक्रम में सांसद कृपानाथ मल्लाह, संयुक्त सचिव डोनर, अंशुमान डे, असम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजीव मोहन पंत सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इससे पहले, राज्यपाल ने आज जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला प्रशासन, विभिन्न विभाग प्रमुखों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों के साथ एक समीक्षा बैठक की और करीमगंज जिले की मौजूदा कानून-व्यवस्था के साथ-साथ विकास कार्यों का जायजा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/प्रभात

   

सम्बंधित खबर