उप्र में पछुआ हवाएं सर्दी को रखेंगी बरकरार, गिरेगा पारा

कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अभी उत्तर प्रदेश में करीब एक सप्ताह तक देखने को मिल सकता है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी जिससे पारा भी सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। ऐसे में खासकर सुबह शाम की सर्दी बरकरार रहेगी। मार्च के पहले सप्ताह से ही आसमान साफ होने लगेगा और तापमान में भी बढ़ोत्तरी होगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रुप में देखा जा रहा है। राजस्थान के मध्य भागों और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मराठवाड़ा और इससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से लेकर आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक फैला हुआ है। 26 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र के ऊपर पहुंच सकता है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश का मौसम अभी हल्की सर्दी से भरा रहेगा और तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं। आगामी दो दिन कानपुर मण्डल सहित मध्य उत्तर प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। रात में अगर बादल आते हैं तो रात का तापमान बढ़ेगा वहीं दिन में बादल आने से दिन का तापमान कम होगा। उत्तर पश्चिमी हवाएं और पूर्वी हवाएं आती रहेंगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.6 और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 93 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 38 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 2.6 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में कल आसमान साफ रहेगा और शेष दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर