तपोभूमि चित्रकूट का पर्यटन विकास मोदी-योगी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : आर. के. सिंह पटेल

- सांसद ने वाल्मीकि आश्रम में किया 148 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन

- जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष आदि रहे मौजूद

चित्रकूट,14 मार्च (हि.स.)। रामायण की रचना कर भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली लालापुर में 148 करोड़ की पर्यटन विकास परियोजनाओं का बांदा-चित्रकूट सांसद आर. के. सिंह पटेल ने जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल एवं क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव आदि के साथ भूमि पूजन किया।

इस दौरान सांसद श्री पटेल ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार तपोभूमि चित्रकूट को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने को संकल्पित है। सांसद ने कहा कि 148 करोड़ की विकास परियोजनाओं के पूरा होते ही चित्रकूट के धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हो जायेगा।

वाल्मीकि आश्रम लालापुर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे बांदा-चित्रकूट सांसद आर. के. सिंह पटेल समेत उक्त सभी लोगों ने सर्वप्रथम रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव त्रिपाठी, शक्ति प्रताप सिंह तोमर, राजकुमार त्रिपाठी आदि के साथ माल्यार्पण किया। इसके बाद लालापुर आश्रम के सामने स्थित परिसर में 148 करोड़ की लागत की 33 पर्यटन विकास की परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। इस दौरान सांसद श्री पटेल ने कहा कि केंद्र की मोदी और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के बाद अब प्रभु की तपोस्थली चित्रकूट के कायाकल्प की तैयारी में है।

उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार राम वन गमन मार्ग में पड़ने वाले सभी धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर भगवान श्री राम के चरित्र को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। भगवान श्रीराम ने महर्षि वाल्मीकि के आदेश पर ही वनवास काल का साढ़े 11 वर्ष चित्रकूट में व्यतीत किया था। इसीलिए इस पावन तीर्थ स्थल को चित्रकूट का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। सांसद ने कहा कि योगी सरकार के प्रयासों से चित्रकूट का कायाकल्प हो रहा हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और टेबल टॉप एयरपोर्ट के शुरू होने से विदेशी पर्यटकों का आवागमन बढ़ा है।

वहीं मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने भी योगी सरकार के चित्रकूट के पर्यटन विकास की दिशा में किये जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने देश और प्रदेश में विकास की गंगा बह रहीं है। चित्रकूट का 10 साल के अंदर अभूतपूर्व विकास हुआ है।

वहीं क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में मौजूद रहे सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत कर चित्रकूट में पर्यटन विकास की संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर उ0प्र0 प्रोजेक्ट कारपोरेशन लि0 के जेई अमित कुमार यादव, उ0प्र0 राज्य पर्यटन विकास निगम लि0 के जे.ई पंकज,बगरेही के प्रधान केदारनाथ यादव,राजा बाबू ओझा,जर्नादन तिवारी,विजय कुमार यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रतन/मोहित

   

सम्बंधित खबर