टिहरी सीट पर राजा और प्रजा की लड़ाई : गुनसोला

-नई टिहरी में कांग्रेस उम्मीदवार ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, प्रचार के दौरान मां सुरकंडा के दर्शन किए

नई टिहरी, 17 मार्च (हि.स.)। टिहरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार जोत सिंह गुनसोला ने कहा है कि लोकसभा टिहरी पर सीधी लड़ाई राजा और प्रजा के बीच है। प्रजा का पलड़ा भारी रहेगा। यह बात उन्होंने रविवार को जिला मुख्यालय में आयोजित पार्टी बैठक में कही।

इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी बात की। गुनसोला रविवार को मां सुरकंडा के दर्शन कर चंबा होते हुए नई टिहरी पहुंचे। यहां पहुंचने पर बौराड़ी चौक में कांग्रेसियों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। चंबा में कांग्रेसियों व आम लोगों से मुलाकात करने के बाद उन्होंने सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी नई टिहरी में आयोजित बैठक में शामिल हुए। गुनसोला ने कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत करने की जरूरत है। बूथ जितना मजबूत होगा, जीत भी उतनी ही मजबूत होगी। कहा कि देश में डिक्टेरशिप चल रही है। जिसे रोकना जरूरी है। संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिससे देश में नफरत का माहौल बन रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर मुद्दों के साथ कांग्रेस चुनाव मैदान में हैं। भाजपा की सरकारों ने महिलाओं व युवाओं को छलने का काम किया है। अंकिता भंडारी को इस प्रदेश में न्याय नहीं मिल पा रहा है। अग्निवीर जैसी योजनाओं से युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।

प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि जनता भाजपा के जुमालों से उकता चुकी है। अब उसे विकास चाहिए और इसके लिए कांग्रेस को ला रही है। पूर्व काबीना मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि जनता के सामने कांग्रेस जुझारू व कर्मठ प्रत्याशी के रूप में जोत सिंह गुनसोला को लाई है।

इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस शांति प्रसाद भट्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष विक्रम सिंह पंवार, सुमना रमोला, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष आशा रावत, दर्शनी रावत, महिला की शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनिता रावत, नरेंद्र चंद रमोला, महेश जोशी, जिपंस जयवीर सिंह रावत, विजय गुनसौला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पंवार सहित दर्जनों मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल//रामानुज

   

सम्बंधित खबर