पुष्प होली के साथ मनाया जा रहा फागोत्सव

जोधपुर, 19 मार्च (हि.स.)। फाल्गुन के महीने में पूरे शहर में फाग उत्सव की धूम मची हुई है। शहर के अधिकांश मंदिरों व अन्य स्थानों पर फाग उत्सव मनाया जा रहा है।

पालरोड मसूरिया बाबा रामदेव मंदिर के निकट टप्पर वेयर कार्यालय में फागोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें सज-धजकर आई महिलाओं व युवतियों ने नए-पुराने गाने व फागुन के गीतों पर जमकर डांस किया। कार्यक्रम संयोजक रेणु सिंघवी व लक्ष्मी शेखावत ने बताया कि इस दौरान फूलों की होली भी खेली गई। इस उत्सव में हेमा चेलानी, सरिता डागा, नीलू, संतोष, सुमन, राजकुमारी, योगिता, सीमा, रश्मि चौहान, सीमा कंवर सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।

सूरसागर में गांव गेंवा कनावतों का बास स्थित श्री गोगाजी महाराज काहवा काशी धाम में गादीपति साध्वी सीमा किशोरी महाराज के सानिध्य में फागोत्सव मनाया गया। इसमें गायिका मंजू डागा एंड पार्टी व महिला मंडल द्वारा होरी गायन के साथ ठाकुरजी की मनोरम झांकी के समक्ष फाल्गुणियां परिधान में सजी-धजी महिलाओं व भक्तों ने पुष्प होली खेलते हुए नृत्य किया।

विजयवर्गीय वैश्य संस्था महिला मण्डल की ओर से गुलाब सागर स्थित सत्यनारायण भगवान मंदिर में ठाकुरजी के समक्ष फाग महोत्सव मनाया गया। महिलाओं ने कृष्ण भगवान के भजन-कीर्तन की शानदार प्रस्तुति दी व ठाकुरजी के साथ फूलों की होली खेली गई। आशियाना अमरबाग में फाग उत्सव धूमधाम से मनाया गया। गणेश मंदिर में होली गीतों के साथ महिलाओं और बच्चों ने फूलों की होली खेली और प्रसाद वितरण किया। कार्यक्रम का आयोजन भजन मंडली के सदस्य डॉ मंजू बोहरा, डॉ ममता और शिल्पा जैन ने किया।

फाल्गुन महीने के उपलक्ष में नयापुरा राधा कृष्ण वाटिका में फाग उत्सव का आयोजन सुशीला गहलोत द्वारा किया गया। क्षेत्र की महिलाओं द्वारा ठाकुरजी को फूलों की होली खेलाई गई। एंकर प्रियंका गहलोत ने राजस्थानी भाषा का उपयोग करने का आग्रह किया और यह संदेश दिया कि आने वाली पीढ़ी को राजस्थानी भाषा से अवगत कराया जाए ताकि लुप्त हो रही राजस्थानी भाषा को हमारे समाज में प्राथमिकता दी जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर