महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश सचिव ने भी छोड़ी पार्टी, भाजपा में शामिल होने की अटकलें

मुंबई, 22 मार्च (हि. स.)। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. नितीन कोडावटे ने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नितिन कोडवटे की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की अटकलें लग रही हैं।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता डॉ. नितिन कोडावटे गढ़चिरौली जिले में पार्टी का काम कर रहे थे और जमीन से जुड़े नेता के रुप में जाने जाते हैं। कोडावटे की पत्नी चंदा कोडावटे कांग्रेस की टिकट पर गढ़चिरौली में वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। इस बार नितिन लोकसभा के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उनके नाम विचार नहीं किया। इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि नितीन कोडावटे और उनकी पत्नी चंदा कोदावटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्र शेखर बावनकुले के संपर्क में हैं और वे आज शाम तक भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस के अशोक चव्हाण, मिलिंद देवड़ा, बाबा सिद्दीकी, बसवराज पाटिल पार्टी छोड़ चुके हैं। खबर है कि कई नेता कांग्रेस पार्टी से नाराज हैं और वे भी लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि जो लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों से भाजपा में आना चाहते हैं, पार्टी में उनका स्वागत है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील

   

सम्बंधित खबर