शारदा नदी में डूबने से अज्ञात महिला और बच्ची की मौत

टनकपुर(चंपावत), 22 मार्च (हि.स.)। शारदा घाट के समीप शारदा नदी में डूबने से एक महिला व एक बच्ची की मौत हो गई। दोनों के शव बरामद हो गए हैं। दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी हुई है।

शारदा नदी में महिला व बच्ची के डूबने की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। जिसके बाद एसडीआरएफ टीम व जल पुलिस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक महिला को नदी से बाहर निकाला गया। जिसके बाद बालिका को भी बाहर निकाल लिया गया। दोनों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय भिजवाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा महिला और बालिका को मृत घोषित कर दिया गया। डूबने वाली महिला और बालिका की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। जिसके लिए लगातार पुलिस शिनाख्त करने में जुटी हुई है।

घटना स्थल से अज्ञात बालिका की चप्पल और महिला का दुपट्टा बरामद हुआ है। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि महिला तथा बालिका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना की सूचना सभी जनपद के थानों को प्रेषित कर दी गई है। महिला की उम्र 30 वर्ष व बालिका की सात वर्ष होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव मुरारी

/जितेन्द्र

   

सम्बंधित खबर