तेज रफ्तार कार की टक्कर से मॉर्निंग वॉक कर रहे तीन लोगों की मौत

हल्द्वानी, 25 मार्च (हि.स.)। नैनीताल रोड पर सोमवार को तड़के देवाशीष होटल के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मॉर्निंग वॉक कर रहे तीन लोगों की मौत हो गई।

आज सुबह करीब 4 बजे काठगोदाम क्षेत्र के रहने वाले दो बुजुर्ग नैनीताल रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार दिल्ली नंबर की कार पहले नगर निगम के कूड़ादान से टकराई और उसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इसके बाद कार ने मॉर्निंग वॉक कर रहे दो बुजुर्ग और एक अधेड़ को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायलों की मौत हो गई। कार सवार चार लोग भी चोटिल हो गए। चोटिलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि मृतकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। हादसे में दो बेज़ुबान जानवर भी मारे गये हैं। पुलिस उपाधीक्षक और कोतवाल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता /रामानुज

   

सम्बंधित खबर