मप्रः भाजपा के वरिष्ठ नेता आज विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे

भोपाल, 3 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी का वरिष्ठ नेता आज (बुधवार को) प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन, पन्ना एवं सतना, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा पन्ना, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल उज्जैन, प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह पन्ना, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय सागर, केंन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी प्रवास पर रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन, पन्ना एवं सतना जिले के प्रवास पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। विष्णुदत्त शर्मा दोपहर 12.45 बजे पन्ना के छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह के साथ जनसभा को संबोधित करने के पश्चात रोड शो कर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

प्रदेश लोकसभा चुनाव के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह आज सायं 6 बजे सतना के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल आज उज्जैन प्रवास के दौरान स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रदेश लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सतीश उपाध्याय आज सागर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज प्रातः 11 बजे शिवपुरी, दोपहर 2 बजे खनियाधाना, शाम 6.15 बजे खोद एवं रात्रि 8.45 बजे शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में आयोजित बैठक को संबोधित करेंगे।

छह अप्रैल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सिंगरौली व सीधी प्रवास पर

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अग्रवाल ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगामी छह अप्रैल को सिंगरौली और सीधी के प्रवास पर रहेंगे। वे इस दिन दोपहर 12.30 बजे सिंगरौली जिले के बैढ़न के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे और दोपहर तीन बजे सीधी जिले के स्वयंवर पैलेस में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री सिंह शाम 4 बजे पूजा पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर