भाजपा दल नहीं एक विचार, जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण व जनकल्याण : नन्दी

-लोकसभा चुनाव में बूथ विजय अभियान हर कार्यकर्ता का लक्ष्य : नन्दी

प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी एक दल नहीं बल्कि एक विचार है, जिसका ध्येय राष्ट्र निर्माण एवं जन कल्याण है। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 400 पार का इतिहास रचने का संकल्प लिया गया है, जिसे सभी कार्यकर्ताओं को पूरा करना है।

उक्त विचार उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बूथ समिति एवं पन्ना प्रमुखों की बैठक में व्यक्त किया। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर उन्होंने मतदाताओं से जनसम्पर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।

इस मौके पर मंत्री नन्दी ने बूथ समिति के सदस्यों व पन्ना प्रमुखों से संवाद कर कहा कि वह अपने-अपने बूथ के अलग-अलग घरों में जाकर लोगों से सम्पर्क कर मोदी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों से अवगत कराएं और उन्हें दस वर्ष की उपलब्धियों वाला पत्रक दें। साथ ही परिवार के प्रमुख व्यक्तियों का मोबाइल नम्बर पन्ना प्रमुख अवश्य दर्ज करें।

नन्दी ने भाजपा के स्थापना दिवस पर अपने शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 210 पर पन्ना प्रमुखों एवं बूथ समिति के साथ बैठक में बताया कि 1980 में छह अप्रैल को ही भाजपा की स्थापना हुई थी। वहीं एक अधिवेशन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी ने भाजपा की स्थापना कर एक छोटा सा पौधा लगाया था। उस समय जो पौधा रोपा गया था तब शायद ही किसी ने यह सोचा होगा कि कुछ सालों बाद वह विशाल वट वृक्ष बन कर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। पार्टी के सामान्य कार्यकर्ताओं के बीच से निकले भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री के रूप में जनकल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर