कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई प्रोफेसरों ने ली भाजपा की सदस्यता

नैनीताल, 10 अप्रैल (हि.स.)। नगर के कुछ बुद्धिजीवियों ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

केंद्रीय मंत्री व भाजपा के सांसद उम्मीदवार अजय भट्ट ने कालाढुंगी के विधायक बंशीधर भगत, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट व प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में कुमाऊं विवि के एलुमिनी सेल यानी पूर्व छात्रों के संगठन के अध्यक्ष डॉ.बहादुर सिंह कालाकोटी, एचएफआरई शिमला के पूर्व निदेशक डॉ. शेर सिंह सामंत, कूटा यानी कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी तथा वीरेंद्र बिष्ट को भाजपा की सदस्यता दिलायी।

इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता लेने वाले बुद्धिजीवियों ने कहा की भाजपा देश को मजबूत कर रही है। भाजपा राज में हर नागरिक को सम्मान मिल रहा है और देश विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने सभी से मतदान करने तथा भाजपा को वोट देने की अपील भी की।

उल्लेखनीय है कि प्रो. ललित तिवारी पूर्व में भी भाजपा में रहे हैं। वह कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में भी पदाधिकारी रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर