बंगाल को बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट से जोड़कर किया जा रहा बदनाम : ममता

कोलकाता, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल से बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को जलपाईगुड़ी जिले के डाबग्राम-फुलबाड़ी में एक चुनावी रैली में कहा कि यह घटना बेंगलुरु में घटी थी। आरोपित कर्नाटक के रहने वाले हैं। आरोपी दो घंटे तक पूर्वी मेदिनीपुर में भी रहे थे। बंगाल पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और अब कुछ लोग कह रहे हैं कि बंगाल असुरक्षित जगह है। ऐसा कहकर ये लोग राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद भी वो इंडी ब्लॉक की केंद्र में सरकार बनाने की दिशा में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वक्त में राष्ट्रीय परिदृश्य अलग है, लेकिन पश्चिम बंगाल में भाजपा और माकपा दोनों ही हमारे लिए एक समान प्रतिद्वंदी हैं।

मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में हाल की घटना को तूल देने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संदेशखाली में एक भी हत्या नहीं हुई। वहां सब कुछ सामान्य है। हमने वह सब कुछ लौटा दिया है, जो छीन लिया गया था। हमारे अपने लोगों को संदेशखाली में गिरफ्तार कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल से बेंगलुरु ब्लास्ट के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है जिसके बाद भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा था कि ममता के शासन में बंगाल आतंकवादियों के लिए सबसे सुरक्षित पनाहगाह है। गिरफ्तार किए गए दोनों लोग पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दीघा और कांथी जाने से पहले कुछ दिनों तक कोलकाता के अलग-अलग होटलों में छिपते रहे। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर