भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- कांग्रेस की गारंटी जब्त, देश को मोदी की गारंटी पर ही भरोसा

- उत्तराखंड में प्रियंका गांधी की रैली हताशा और निराशा से भरी रहीः महेंद्र भट्ट

देहरादून, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की उत्तराखंड में शनिवार को आयोजित रैली कार्यकर्ताओं के लिए हताशा और निराशा भरी रही। कांग्रेस की गारंटी जनता पहले ही जब्त कर चुकी है। देश को मोदी की गारंटी पर ही भरोसा है। जनता आधुनिक भारत के निर्माण में लगे नरेन्द्र मोदी को तीसरा कार्यकाल देने वाली है।

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेत्री राज्य के उन मुद्दों पर बोली जिन पर जनता ने उन्हें नकार दिया है। महिला सरंक्षण और सम्मान की दुहाई देने वाली कांग्रेस नेत्री हर बार महिला अपमान पर खामोश रही। महिला आरक्षण हो या तीन तलाक सभी मामलों में वह चुप्पी साधकर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि उतराखंड में श्रद्धा और धर्म का प्रवचन करने वाली नेत्री तब भी खामोश रही, जब उनकी पार्टी राम के अस्तित्व पर सवाल खड़ी कर रही थी और देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं पर आघात किया जा रहा था।

भाजपा ही वह दल जिसके लिए देश प्रथम

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल और राष्ट्रीय विचारधारा के साथ आगे बढ़ने वाला प्रदेश है। राज्य के युवा कांग्रेस के दुष्प्रचार में नहीं आने वाले हैं। वह जानते हैं कि भाजपा ही वह दल है, जिसके लिए देश प्रथम है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।

अन्याय का हश्र भुगत रही कांग्रेस

भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेत्री ने जिस न्याय पत्र का वाचन किया, वह अन्याय कांग्रेस सरकार ने ही किया है। किसानों की समस्या, गरीबी हटाने के नाम पर ढोंग, नियुक्ति प्रकिया और न्याय के लिए परेशान नारी की पीड़ा को कांग्रेस ने कभी नहीं समझा। आज उसी का हश्र भुगत रही है।

सत्ता में न आने की सच्चाई से वाकिफ है कांग्रेस

उन्होंने कटाक्ष किया कि जो न्याय पत्र को वह जनता को सुनाकर गई, उसके सभी पांच बिंदुओं में अन्याय करने का लंबा इतिहास कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकारों का रहा है। वह नारी न्याय की बात करती हैं, लेकिन मातृशक्ति के अपमान, उत्पीड़न, शोषण और दशकों तक आरक्षण के अधिकार से वंचित रखने का अन्याय कांग्रेस पार्टी ने किया है। वे युवा न्याय की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार ने ही नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार एवं नकल माफिया को पनपाने का काम किया है। वह किसान न्याय की बात करते हैं, लेकिन देश ने उनकी सरकारों का वह दौर भी देखा है जब यूरिया जैसी सामान्य जरूरत के लिए भी किसानों को गोलियां तक खानी पड़ी। लाखों किसानों ने कर्ज के बोझ में दबकर आत्महत्या कर ली। यह भागीदारी न्याय की बात करते हैं जिनका इतिहास पिछड़े एवं आदिवासी समाज के साथ अत्याचारों से दागदार है। इन्होंने एससी समाज से आए राष्ट्रीय अध्यक्ष तक को नहीं बख्शा। गरीबी हटाओ के नाम पर राजनीति करने वाले आज श्रमिक न्याय का ढोल पीट रहे हैं। मात्र कंप्यूटर और कैलकुलेटर के आधार पर बनाई गई जिन अतार्किक योजनाओं की वह बात कर रहे हैं, उसको धरातल पर उतरना संभव नहीं है। इस सच्चाई से वह अच्छी तरह से वाकिफ हैं और कांग्रेस के सत्ता में न आने की सच्चाई से भी।

मोदी के लिए केवल चार जातियां, जनता समझती है भाजपा-कांग्रेस का अंतर

प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए गरीब, महिला, किसान और युवा पांच ही जातियां हैं, जिनके कल्याण के लिए सरकार की सभी योजनाएं समर्पित हैं। जनता दोनों पार्टियों का अंतर समझती है। भाजपा ने घोषणा को हकीकत में बदलकर दिखाया है।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/प्रभात

   

सम्बंधित खबर