भाजपा के संकल्प पत्र में खूंटी को भी मिला है महत्वपूर्ण स्थान : अर्जुन मुंडा

खूंटी, 15 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के संकल्प पत्र में खूंटी को भी महत्वपूर्ण स्थान मिला है। वर्ष 2025 में धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को हमारी आनेवाली सरकार देश भर में बिरसा मुंडा के नाम पर ‘जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनायेगी। यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है। भाजपा के संकल्प पत्र ने जनजातीय समुदाय का मान-सम्मान बढ़ायाया है। ये बातें केंद्रीय मंत्री और खूंटी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने कही। मुंडा सोमवार को खूंटी में विधानसभा चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने ‘संकल्प पत्र में मोदी की गारंटी’ के माध्यम से आनेवाले पांच वर्षों में क्या-क्या महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, उसका रोडमैप जनता के समक्ष रखने का काम किया है। साथ ही संकल्प पत्र के माध्यम से यह भी बताने की कोशिश की गयी है कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चहुंमुखी विकास हुआ है। इन 10 वर्षों में प्रधानमंत्री ने जनता के जनादेश पर खरा उतरते हुए पार्टी के घोषणा पत्र को संकल्प पत्र के रूप में स्थापित किया और एक नई परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कसौटियों पर खरा उतरने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि 2024 में अपनी प्रतिबद्धता को जाहिर करते हुए अपने संकल्पों को दोहराते हुए भाजपा ने अगले पांच सालों में देश के गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्रबिंदु में रखते हुए देश के विकास को रेखांकित करने और सुनिश्चित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प पत्र विकसित भारत बनाने का संकल्प पत्र है। मंत्री मुंडा ने संकल्प पत्र के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि अगले पांच सालों तक मुफ्त राशन, स्वच्छ पानी, गैस कनेक्शन देने का काम हमारी सरकार करेगी। एक नई और अभूतपूर्व पीएम सूर्य घर योजना को धरातल में उतारकर ग्रामीण क्षेत्र के घरों को बिजली उत्पादन घरों के रूप में परिवर्तित किया जाएगा, इससे ज़ीरो बिजली बिल की व्यवस्था होगी।

आयुष्मान भारत से पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, यह आगे भी मिलता रहेगा। साथ ही 70 साल से ऊपर आयु वर्ग के हर बुजुर्ग को इस योजना में आच्छादित किया जाएगा। जन औषधि केंद्र पर 80 फीसदी छूट के साथ दवा मिलती रहेगी। चार करोड़ गरीबों को पक्के मकान बनाकर दिए गये हैं। तीन करोड़ और पक्के मकान बनाए जाएंगे। मुद्रा योजना के तहत अब 20 लाख रुपये तक का लोन मिलेगा। युवाओं के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, स्टार्टअप, स्पोर्ट्स, इन्वेस्टमेंट, हाई वैल्यू सर्विस और टूरिज्म के ज़रिए लाखों रोज़गार के अवसर पैदा किए जाएंगे। वहीं हमने अभी तक एक करोड़ लखपति दीदी बनाया है, आगे और तीन करोड़ लखपति दीदी बनाएंगे। नारी वंदन अधिनियम को लागू कर आधी आबादी को हक़ देने का काम हमारी सरकार करेगी। एकलव्य स्कूल, पीएम जनमन वन उत्पादों में वैल्यू एडिशन और ईको टूरिज़्म को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार काम करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर