गलता जी में 21 तोपों की गर्जनाओं से मनाया जाएगा राम जन्मोत्सव

जयपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर भारत की प्रमुख वैष्णव पीठ उत्तर तोदाद्रि गलताजी में गलतापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य महाराज के पावन सान्निध्य में रामनवमी महोत्सव मनाया जाएगा। गलता पीठ के युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि उत्तर तोदाद्रि गलता जी में गलतापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य महाराज के पावन सान्निध्य में चैत्र नवरात्र के 9वें दिन 17 मार्च को गलता पीठ में पूर्ण श्रद्धा और भव्यता के साथ राम नवमी के अवसर पर राम का जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। इसके तहत 500 वर्ष से भी अधिक प्राचीन रामलला के चतुर्भुज विग्रह की सुबह गलता पीठ से श्रीनिवास के बालाजी तक विधि-विधान से शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री निवास के बालाजी में भगवान की आरती की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा पुनः श्री गलता पीठ पहुंचेगी।

21 तोपों की गर्जनाओं से मनाया जाएगा राम जन्मोत्सव

गलता पीठ के युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि दोपहर 12 बजे भगवान राम का 21 तोपों की गर्जनाओं के साथ जन्म होगा। इसके बाद गलतापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य एवं युवराज स्वामी राघवेन्द्र द्वारा गलता में विराजमान भगवान राम के अतिप्राचीन एवं दिव्य विग्रहों का विद्वानों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ फलों, फलों के रसों, पंचामृत, सर्व औषधि, पंचमेवों, समस्त द्रव्यों, सहस्रधारा, शंख-चक्र आदि से तिरुमंजन अभिषेक किया जाएगा।इसके पश्चात भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इसके पश्चात भगवान की सामूहिक महाआरती की जाएगी। तदोपरांत गलतापीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य महाराज गलता में विराजमान सभी विग्रहों की आरती करेंगे।

इस अवसर पर जयपुर के प्रख्यात भजन गायकों एवं कलाकारों द्वारा भगवान के मुखोल्लास के लिए प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके पश्चात नौ दिन तक चलने वाले सामुहिक नवाह्नपारायण पाठ का नवां पारायण कर पूर्णाहुति हवन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश सैनी/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर