विश्व पृथ्वी दिवस पर धरती को प्लास्टिक कचरे से बचाने का आवाह्न

- प्लास्टिक मुक्त गंगा की अपील, गंगा किनारे श्रमदान कर निकला प्लास्टिक कचरा

वाराणसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। विश्व पृथ्वी दिवस पर सोमवार को नमामि गंगे के सदस्यों ने धरती को प्लास्टिक कचरे से बचाने का आवाह्न किया।

प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण और पृथ्वीवासियों पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में सार्वजनिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमामि गंगे ने मणिकर्णिकाघाट पर गंगा की तलहटी से प्लास्टिक कचरा निकाला। जहरीले पॉलिथीन को गंगा से निकाल कर कूड़ेदान तक पहुंचाया। इसके बाद ध्वनि विस्तारक यंत्र से प्लास्टिक मुक्त गंगा के लिए लोगों से अपील की।

इस दौरान काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि पृथ्वी दिवस 2024 का विषय ग्रह बनाम प्लास्टिक है। इसका उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग और निर्माण में उल्लेखनीय रूप से कटौती करने के लिए एक वैश्विक आंदोलन को बढ़ावा देना है। पृथ्वी दिवस मनाने के पीछे का उद्देश्य प्रकृति के प्रति जागरूकता फैलाना है। प्रकृति के संरक्षण में आने वाली चुनौतियों का सामना करके जनसंख्या वृद्धि, प्रदूषण, वनों की कटाई जैसी मुख्य समस्याओं का समाधान निकालना है।

उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में पृथ्वी और उसके प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों के बारे में जागरूकता फैलाना है। पर्यावरण जागरूकता, स्थिरता और संरक्षण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का आयोजन और प्रोत्साहन करना है। आयोजन में गुलशन शर्मा, रवि सेठ, सुनील तिवारी आदि ने भी भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/मोहित

   

सम्बंधित खबर