इंडी अलायंस वालों से सतर्क रहने की जरूरत: केशव प्रसाद मौर्य

आगरा, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को आगरा में फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार राजकुमार चाहर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर महान दल ने भी भाजपा उम्मीदवार का समर्थन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जनता को इंडी अलायंस वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। विपक्षी नेता हताशा-निराशा में अमर्यादित बोली बोल रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि वह दिन लोग आज तक नहीं भूले हैं, जब नारा प्रचलित था, जिस गाड़ी पर लगा सपा का झंडा-उस पर बैठा सत्ता का गुंडा। सपा के शासन में प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे। बमों की फैक्ट्रियां लगती थीं। गुंडे माफियाओं को पूरा संरक्षण मिलता था। आज ऐसा नहीं है, आज गुंडे माफिया थाने में जाकर सरेंडर कर रहे हैं। माफियाओं को जेल की हवा खानी पड़ रही है। दंगे करने वाले अपने बिलों में घुस चुके हैं। प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोई सोच भी नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि एक तरफ देश को आतंक और अराजकता से मुक्त करने वाले लोग हैं ये मोदी के नेतृत्व में भाजपा के लोग हैं। दूसरी तरफ देश को अशांत करने वाले, आतंकियों के मुकदमे वापस करने वाले, अराजक तत्वों के समर्थक और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण के पैरोकार हैं, ये सपा, कांग्रेस और इंडी पार्टनर्स हैं। भाजपा को वोट देकर इन सबसे छुटकारा पाया जा सकता है। भाजपा को दिया हुआ हर एक वोट इन विधर्मियों को 2047 तक घर बैठने के लिए मजबूर करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन

   

सम्बंधित खबर