चुनाव करीब आने पर भी जारी है पाला बदलने का सिलसिला

--ब्लॉक प्रमुख के दांव से सपा के पीडीए को लगा करारा झटका

हमीरपुर, 14 मई (हि.स.)। चुनाव प्रचार की धमाचौकड़ी के मध्य ब्लाक प्रमुख ने चरखा दावा चलाकर सपा को परिणाम आने के पूर्व ही सुमेरपुर क्षेत्र में चित्त करने का प्रयास किया है। ब्लॉक प्रमुख के इस दांव से सपा के पीडीए को करारा झटका लगा है।

हमीरपुर, महोबा, तिंदवारी लोकसभा सीट में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। इस समय चुनाव प्रचार चरम पर है। सभी प्रमुख प्रत्याशी अपना-अपना गढ़ मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी की नैया पार लगाने के लिए ब्लॉक सुमेरपुर प्रमुख जयनारायण सिंह यादव ने सपा के पीडीए पर चरखा दांव लगाकर सपा में खलबली मचा दी है। ब्लॉक प्रमुख सुमेरपुर ने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी प्रभारी देवेश कोरी के समक्ष 400 से अधिक लोगों को भाजपा में शामिल कराया। इनमें तमाम मजबूत चेहरे हैं। जिनकी मतदाताओं में गहरी पैठ है।

सबसे बड़ी कामयाबी ब्लॉक प्रमुख को व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू को शामिल कराने में मिली है। महेश गुप्ता दीपू की कस्बे के व्यापारियों के साथ आम जनमानस में गहरी पैठ है। पिछला नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव इसका गवाह है, जिसमें वह रनर साबित हुए थे। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख ने दर्जनों ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल कराया है। इन सभी को जनता से सीधे जुड़ाव है। भाजपा में जिन लोगों को ब्लॉक प्रमुख ने शामिल कराया है उनमें पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक समुदाय के सर्वाधिक चेहरे हैं। यह सभी सपा, बसपा से ताल्लुक रखते हैं। ब्लॉक प्रमुख के इस दांव से सबसे ज्यादा झटका सपा को लगा है क्योंकि ज्यादातर लोग सपाई है।

इन लोगों के भाजपा में शामिल होने से सपा को सुमेरपुर क्षेत्र में करारा झटका लगा है। सपाई ब्लॉक प्रमुख के इस दांव से सन्न रह गए हैं। सपा को उम्मीद नहीं थी कि चुनाव के ऐन वक्त पर ब्लॉक प्रमुख का यह कदम उन्हें मुश्किल में डाल सकता है। सपा के वरिष्ठ नेता अजय उर्फ कल्लू यादव, नंदकिशोर शिवहरे, शिवशरण यादव कहते हैं कि ब्लॉक प्रमुख ने तमाम ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल कराकर सपा को कमजोर करने का प्रयास जरूर किया है। इसके बाद भी सपा कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी मजबूत है और चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने की ताकत रखती है। सपा को किसानों, नौजवानों, महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों का भरपूर समर्थन प्राप्त हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज//विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर