रंगिया में प्रेमी के हाथों प्रेमिका की मौत

कामरूप (असम), 18 मई (हि.स.)। रंगिया में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। शनिवार तड़के तीन बजे लड़की को रंगिया नलबाड़ी की सीमा पर नोना नदी के तटबंध पर ले जाया गया और गला घोंटकर उसकी हत्या करने के बाद शव को नदी में फेंक दिया। प्रेमिका की हत्या करने के बाद प्रेमी तफीकुल अली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

घटना के विवरण के अनुसार रंगिया ईसापुर की सानियारा बेगम का रंगिया के महतोली निवासी तफीकुल अली से प्रेम चल रहा था। छह महीने पहले दोनों के बीच चर्चा हुई थी कि दोनों शादी करेंगे। बीती रात प्रेमिका सानियारा बेगम अपने घर से निकलकर रंगिया-नलबाड़ी की सीमा पर नोना नदी के किनारे प्रेमी के साथ पहुंची। जहां उसे मार दिया गया।

शनिवार की सुबह प्रेमी तफीकुल अली ने हत्या की बात कबूल कर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसके बाद सानियारा बेगम के परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपित तफीकुल अली पुलिस को उस जगह पर ले गया जहां शव फेंका गया था। शव नोना नदी के पास बरामद किया गया। मृतका सानियारा बेगम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच ले जाया गया। इस सिलसिले में पुलिस द्वारा आगे के कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर