भट्ठी के समान हुए गुजरात के कई शहर, 45 डिग्री पर पहुंचा पारा

-पश्चिम से उत्तर-पश्चिमी हवा ने माहौल को गरमाया

अहमदाबाद, 20 मई (हि.स.)। गुजरात के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने आगामी 3 दिन एक जैसे गर्म मौसम की भविष्यवाणी की है। दो दिनों तक बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलने की चेतावनी जारी की गई है।

राज्य के कई जिलों में अभी पश्चिम दिशा से उत्तर-पश्चिम हवा बह रही है। इस हवा के कारण राज्य के अधिकांश जिलों का मौसम अत्यंत शुष्क और गर्म हो गया है। दिन की गर्मी का असर रात को भी हो रहा है, जिससे तापमान में कोई अधिक गिरावट नहीं हो रही है। इससे दिन और रात दोनों गर्म हो गया है।

मौसम विभाग के अहमदाबाद केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक रामाश्रय यादव ने बताया कि राज्य में 5 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान सौराष्ट्र-कच्छ समेत अन्य जिलों में हीटवेव का अनुमान है। उत्तर गुजरात के बनासकांठा, पाटण, मेहसाणा समेत मध्य गुजरात में अहमदाबाद, गांधीनगर, आणंद, दक्षिण गुजरात के सूरत, वलसाड और सौराष्ट्र के सुरेन्द्रनगर, भावनगर, जूनागढ़ और पोरबंदर जिले में ऑरेंज अलर्ट है। अमरेली और साबरकांठा में पांच दिनों के लिए येलो अलर्ट है। जबकि आगामी 5 दिनों के लिए राजकोट महानगर पालिका की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा रात में भी गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार और मंगलवार को भावनगर, अहमदाबाद और वडोदरा में नाइट वार्निंग भी जारी की गई है। अधिकतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा लेकिन तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में अहमदाबाद 44.9 डिग्री, गांधीनगर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इन दोनों जिलों में आगामी 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहेगा।

लू और हीटस्ट्रोक के मामले बढ़े

अत्यधिक गर्मी के कारण लोगों में घबराहट और श्वांस लेने में तकलीफ होने की शिकायतें बढ़ रही हैं। वडोदरा और सूरत में पिछले दो दिन में गर्मी के कारण 13 लोगों की मौत हो गई। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। खासकर दिन के 12 बजे से शाम 4 बजे से अत्यंत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है। अहमदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में रात 8 बजे तक तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने से लोगों में बेचैनी समेत अन्य समस्या पैदा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के 8 शहरों में हीटवेव का असर रहा। जूनागढ़ के केशोद में सीवियर हीटवेव का असर रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर