मुख्यमंत्री साय से बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर, 3 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को राज्य अतिथि गृह पहुना में बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता सुभाष त्रिपाठी ने सौजन्य मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा रायगढ़ में बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम के सामने स्थापित की गई है। साथ ही स्मृति पट भी स्थापित की गई है। त्रिपाठी ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री को निमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि रायगढ़ जिले के वीर सपूत बलिदान कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है। उनकी शहादत हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेगी। उनकी प्रतिमा अनावरण के अवसर पर उपस्थित होना मेरे लिए गौरव की बात होगी। इस दौरान बलिदान कर्नल त्रिपाठी के मामा राजेश पटनायक एवं गोकुल पटनायक भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि कर्नल त्रिपाठी ने वर्ष 2003 में कुमाऊं रेजीमेंट में कमीशन लिया था। वे सियाचिन, कुपवाड़ा, नौशेरा, कांगो, मथुरा, वेलिंगटन आदि विभिन्न पदस्थापना में कार्यरत रहे। 13 नवंबर 2021 को म्यांमार सीमा से लगे बिहांग में अलगाववादी समूहों द्वारा घात लगाकर किये गये हमले में अपने जवानों को बचाते हुए अंतिम गोली तक मुकाबला करते हुए अपनी पत्नी अनुजा एवं बेटे अबीर के साथ वीरगति को प्राप्त हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर