गणतंत्र दिवस परेड में गुजरात की झांकी ने बिखेरा रंग

धोरडोधोरडोधोरडो

-‘धोरडोः गुजरात के सरहदी पर्यटन की वैश्विक पहचान’ विषय पर आधारित

गांधीनगर, 26 जनवरी (हि.स.)। 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में गुजरात के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को उजागर करने वाली झांकी ‘धोरडोः गुजरात के सरहदी पर्यटन की वैश्विक पहचान’ के नयनाभिराम प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।

हाल ही में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) ने धोरडो को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया है। यह सीमावर्ती गांव अपनी जीवटता और ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के साथ ही राज्य एवं देश के सरहदी पर्यटन को बढ़ावा देता है। आज प्रस्तुत की गई गुजरात की यह सुंदर कलाकृतियों से सजी सतरंगी झांकी कर्तव्य पथ पर लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बन गई थी। पर्यावरणीय, भौगोलिक और प्राकृतिक विषमताओं से भरे कच्छ के रण में स्थित राज्य का सीमावर्ती गांव धोरडो अनेक प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद पर्यटन क्षेत्र में सिरमौर स्थल बनकर उभरा है। परम्परा, पर्यटन और टेक्नोलॉजी के शानदार संयोजन के कारण ही धोरडो को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन की सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया गया है, जो वास्तव में ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करता है।

इस झांकी में कच्छ की पहचान बन चुके पारम्परिक घर ‘भूंगा’, रण उत्सव, टेंट सिटी, कच्छ की विभिन्न कढ़ाई-बुनाई कला और डिजिटल क्रांति को बहुत ही सुंदर तरीके से पेश किया गया था। यही नहीं, यूनेस्को द्वारा हाल ही में गुजरात के गरबा को ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ में शामिल करने के कारण इसकी प्रस्तुति ने भी इस झांकी में चार चांद लगा दिए।

इस वर्ष गणतंत्र दिवस की राष्ट्रीय परेड में 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तथा केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की 09 झांकियों सहित कुल 25 झांकियां प्रदर्शित की गईं। गुजरात सरकार के सूचना विभाग की ओर से प्रस्तुत इस झांकी के निर्माण में सूचना एवं प्रसारण सचिव अवंतिका सिंह औलख, सूचना निदेशक धीरज पारेख, अतिरिक्त निदेशक अरविंद पटेल के मार्गदर्शन में पंकजभाई मोदी तथा उप सूचना निदेशक संजय कचोट का योगदान महत्वपूर्ण रहा। इस झांकी का निर्माण स्मार्ट ग्राफ आर्ट एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड के सिद्धेश्वर कानूगा ने किया था।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर