बीजापुर:एक लाख के इनामी नक्सली सहित 03 नक्सली गिरफ्तार

बीजापुर, 06 फरवरी(हि.स.)। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत डीआरजी एवं केंद्रीय सुरक्षा बल की 85वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आइईडी ब्लास्ट और फायरिंग की घटना में शामिल नक्सली सहित तीन नक्सलियों को पकड़ा है। पुलिस की ओर से पकड़े गए नक्सलियों में से एक पर 1 लाख और अन्य दो पर 10-10 हजार का इनाम घोषित है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार इनामी नक्सली की पहचान लच्छु हेमला के रूप में की गई है। डीआरजी एवं केंद्रीय सुरक्षा बल की 85वीं वाहिनी की संयुक्त्त टीम ने एक लाख के इनामी नक्सली को चार फरवरी को मेटापाल से पकड़ा है। नक्सली मेटापाल के जंगल में पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने की घटना में शामिल था। लच्छु हेमला नक्सली संगठन आरपीसी सीएनएम का अध्यक्ष है। पुलिस ने नक्सली के विरूद्ध गंगालूर थाना में कार्रवाई के बाद आज बीजापुर कोर्ट में पेश किया।

वहीं पुलिस ने अभियान के दौरान फरसेगढ़ थाना क्षेत्र अंर्तगत आलवाड़ा से आइईडी ब्लास्ट और फायरिंग में शामिल नक्सली मिलिशिया सदस्य चमरू ऊर्फ सोमारू उरसा, सन्नू कुहरामी ऊर्फ सन्नू माड़वी को गिरफ्तार किया है, दोनों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित है।दोनों नक्सलियों को गंगालूर थाना एवं फरसेगढ़ थाना में कार्रवाई के उपरांत आज मंगलवार को बीजापुर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि फरसेगढ़ थाना की पुलिस और सीएएफ की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान के तहत एड़सगुंडी, आलवाड़ा की ओर निकले थे। अभियान के दौरान आलवाड़ा से दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सली 2017 में आलवाड़ा के जंगल में पुलिस पार्टी पर फायरिंग और 29 जुलाई 20 को गुमनेर की पहाड़ी में पुलिस पार्टी पर आइईडी ब्लास्ट कर फायरिंग करने की वारदात में शामिल थे। इनके खिलाफ थाना फरसेगढ़ में 2-2 स्थाई वारंट लंबित है। दोनों नक्सलियों पर 10-10 हजार का इनाम भी घोषित है।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर