आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे अखिलेश यादव

लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने की हामी भर दी है। वह आगरा में राहुल गांधी के साथ साझा रैली करेंगे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की तरफ से बुधवार को कांग्रेस और सपा के गठबंधन की घोषणा होने के बाद गुरुवार को कांग्रेस के नेता समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर पहुंचे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश के संयोजक पूर्व राज्यसभा सांसद पी. एल . पुनिया भी थे। इन लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से सपा अध्यक्ष को भेजे गए आमंत्रण पत्र को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को सौंपा, जहां पर राष्ट्रीय प्रवक्ता उदयवीर सिंह भी उपस्थित थे। कांग्रेस द्वारा दिए गए आमंत्रण पर समाजवादी पार्टी की तरफ से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने की पुष्टि की गई।

समाजवादी पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने सपा अध्यक्ष के भारत जोड़ने यात्रा में शामिल होने की पुष्टि करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगरा में राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल होंगे। अंशू अवस्थी ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे चरण में 25 फरवरी को आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर शामिल होंगें और भारत जोड़ो न्याय यात्रा आगरा के शाहदरा चौराहे से नुनिहाली रोड होते हुए आगरा फोर्ट होते हुए फतेहाबाद रोड के आगे प्रताप पुर चौराहा से ग्वालियर रोड की तरफ से फतेहपुर सीकरी जायेगी।

आमंत्रण पत्र देने गए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के उत्तर प्रदेश के संयोजक पी.एल . पुनिया के साथ प्रमुख रूप से पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश चेयरमैन मनोज यादव, जिला अध्यक्ष लखनऊ वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, प्रदेश महासचिव मुकेश सिंह चौहान, प्रवक्ता सचिन रावत, ललन कुमार, कोर्डिनेटर शमीम खान, शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेन्द्र/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर