पीएम मोदी एवं अमित शाह ने भाजपा को नई ऊंचाई दी : रवि शंकर प्रसाद

--त्रिपुरा से हमने वामपंथियों को उखाड़ फेंका, अब बंगाल में ममता की बारी : रवि शंकर प्रसाद

--लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को मिट्टी में मिला देंगे : अनिल राजभर

प्रयागराज, 14 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा को एक नई ऊंचाई प्रदान की है। जिसमें कार्यकर्ताओं की कमर तोड़ परिश्रम रही है। जहां भाजपा का कमल नहीं खिलता था,आज नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में कमल खिल रहा है। हमने असम और नागालैंड में अपनी सरकार बनाई है और त्रिपुरा से वामपंथी सरकार को उखाड़ कर फेंक दिया है। अब पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी को उखाड़ फेंकने की तैयारी है।

यह बातें मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित क्लस्टर बैठक में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा के चुनाव में हमारा जीतना तय है लेकिन जीत का आंकड़ा हमें 400 सीटों के पार करना होगा। उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रचा है और बिहार में भी लालू प्रसाद यादव के जंगल राज का अंत कर दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देश का मतदाता भाजपा को वोट देने के लिए उत्साहित है। इसलिए चुनाव में लगे सभी जिम्मेदार पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से सम्पर्क एवं संवाद स्थापित कर लाभार्थी एवं मतदाताओं से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाते हुए सम्मान दिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू कर उन्हें राजनैतिक अधिकार दिए। इसलिए सभी महिला मोर्चा की पदाधिकारी कार्यकर्ता नारी शक्ति वंदन अधिनियम को जनांदोलन में परिवर्तित करें और सोशल मीडिया के कार्यकर्ता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किए गए सभी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाते हुए कांग्रेस के फर्जी कार्यों का पोस्ट करने वाले कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर धराशायी कर दें।

इसके पूर्व प्रयागराज के क्लस्टर प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और सनातन धर्म स्वावलम्बन के साथ आगे बढ़ रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा, कांग्रेस को बुरी तरह से पराजित किया था और इस बार हम उन्हें मिट्टी में मिला देंगे।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल एवं संचालन रणजीत सिंह ने किया। बैठक में सांसद संगम लाल, विधायक राजेंद्र कुमार, कौशाम्बी जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य एवं प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं कौशाम्बी प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता, कौशलेंद्र सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष गंगापार कविता सिंह पटेल, लोकसभा प्रभारी एवं संयोजक, विधानसभा प्रभारी एवं संयोजक और कोर कमेटी चुनाव प्रबंधन समिति एवं पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर