देश ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बडा महाघोटाला है इलेक्टोरल बॉन्ड- पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह

alwaralwar

अलवर, 15 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी बनी इस सरकार ने देश ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे बडा महाघोटाला इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर कर राजनीति की पराकाष्ठा की सारी हदें पार कर दी हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह शुक्रवार को अलवर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ना खाउंगा न खाने दूंगा का ढिंढोरा पीटने वाले इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर देश के इतिहास में सरकारी एजेंसियो का दुरुपयोग कर डरा धमकाकर देश की जनता का खून पसीने से सिंचित किया हुआ धन खुद ही डकार गए। उन्होंने कहा कि एक प्रकरण में तो भाजपा को दिए गए चंदे ने अब तक के हुए घोटालों के सारे रिकार्ड ही तोड़ दिए। सूचना के अनुसार एक पांच सौ करोड़ की कंपनी ने अपनी हैसियत से ज्यादा ही नहीं बल्कि दुगुने से भी अधिक बारह सौ करोड़ रुपये का चंदा भाजपा को दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से अब तक सरकारी ऐजेंसियों की एक एजेंडे के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को पनपाने के लिए इलेक्टोरल बॉन्ड जैसी उर्वरा जमीन की तलाश की गई है।

उन्होंने देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट का पूर्व केंद्रीय मंत्री के नाम पर धन हडपने जैसे भंडाफोड फैसले का स्वागत करते हुए एससी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने देश की जनता के साथ न्याय कर भाजपा का असली चेहरा सबके सामने ला दिया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और शीर्ष नेताओं का आभार जताते हुए कहा की अलवर लोक सभा क्षेत्र से युवा नेता युवाओं और किसानों के संघर्ष की लडाई लडने वाले स्थानीय ललित यादव को मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के सामने ऐसा प्रत्याशी लड़ रहा है जिसे अलवर लोकसभा क्षेत्र की जानकारी ही नहीं है, क्षेत्र में जीपीएस और गुगल मैप की सहायता से भाजपा प्रत्याशी अपनी जमीन तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसा प्रत्याशी उतारा है जिससे भाजपा के नेता ही बात करने में संकोच कर रहे तो आमजन अपनी समस्या उन तक क्या खाक पहुंचा पायेगें। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार ने अलवर लोकसभा क्षेत्र को चारागाह समझ लिया है। कभी हरियाणा से तो कभी अजमेर से कैंडिडेट लाकर अलवर की जनता को मुर्ख बनाने के लिए मैदान में उतार कर ओछी राजनीति कर रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी एवं केंद्र की मोदी सरकार की गारंटीयों पर पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अच्छे दिन जिसे आज तक पूरा देश ढूंढ रहा है, काला धन वापस लाने का वादा जो अब विदेशों में दुगुना हो गया है। दो करोड़ युवाओं को रोजगार पहली बार आजादी के बाद के इतिहास में बेरोजगारी अपने चरम पर है। किसानों से चुनावी वादा एमएसपी गारंटी देने का किया लेकिन किसानों को तीन काले कानून के तले आत्महत्या करने पर मजबूर किया गया। आज भी देश का अन्नदाता सड़कों पर अपने हकों की लड़ाई लड़ रहा है। बहुत हुई महंगाई की मार केवल जुमला बनकर रह गई पिछले 10 वर्षों में देश में पेट्रोल, सिलेंडर, खाद्य सामग्री के मूल्यो में बेतहाशा वृद्धि हुई है।

रामगढ़ विधायक जुबेर खान ने कहा कि अबकी बार 400 पार का नारा देने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार राजस्थान में तो धराशाई होने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि माहौल को भ्रमित करना इनके एजेंडे में शामिल है जो कि अब जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि केवल बयानवीर के बयानों पर गारंटी नहीं दी जा सकती जो अपनी पत्नी की गारंटी नहीं ले सकता वह जनता की गारंटी क्या निभाएगा।

अलवर लोकसभा प्रत्याशी ललित यादव ने कहा कि अबकी बार का लोकसभा चुनाव बिल्कुल अलग स्थिति का चुनाव है। उन्होंने कहा कि इस बार 36 कौम उनके साथ है और स्थानीय तथा बाहरी का मुद्दा हावी है। जनमानस के पटल पर पिछले 10 वर्षों से किया जा रहे हैं भारतीय जनता पार्टी के शोषण की तस्वीर छप चुकी है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले की जनता उन्हें आशीर्वाद देकर हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पंचायत में भेजने के लिए जुट गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के समय में किए गए विकास कार्यों के बाद अलवर में विकास कार्यों की गति का पहिया थम गया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल चुनाव तक आपके पास है बाद में दिल्ली में ही इनके दर्शन होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष बावलिया /ईश्वर

   

सम्बंधित खबर