पोरबंदर में कांग्रेस के 75 से अधिक पदाधिकारियों का इस्तीफा

-पोरबंदर के कांग्रेस विधायक अर्जुन मोढ़वाडिया के इस्तीफे का असर

पोरबंदर, 16 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक रहे अर्जुन मोढ़वाडिया के विधानसभा सदस्यता और पार्टी से इस्तीफे के बाद पोरबंदर शहर और जिला कांग्रेस में भूचाल आ गया है। पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए हैं। शनिवार को अर्जुन मोढवाडिया के समर्थन में शहर कांग्रेस प्रमुख, यूथ कांग्रेस प्रमुख समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों ने कांग्रेस छोड़ दी।

कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के जिला प्रमुख किशन राठौड़ ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दिया है। इसके अलावा शहर, जिला एनएसयूआई और टीम के सभी पदाधिकारियों, कॉलेज टीम के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। किशन राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को इस्तीफा भेजा है। राठौड़ ने कहा कि वह पिछले 12 साल से एनएसयूआई के संगठन में जिला समेत गुजरात प्रदेश में महत्व की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पोरबंदर में कांग्रेस की जो भी स्थिति आज बनी है, उसके लिए कांग्रेस आलाकमान और गुजरात प्रदेश कांग्रेस जिम्मेदार है। शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ एनएसयूआई की पूरी टीम के आगामी दिनों में भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर