पलामू से 15 हजार कार्यकर्ता 'न्याय उलगुलान' रैली में होंगे शामिल

संबोधित करते जिला अध्यक्ष एवं उपस्थित कार्यकर्ता 

पलामू, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा पलामू जिला ईकाई ने 21 अप्रैल को रांची में होने वाले उलगुलान रैली को लेकर स्थानीय शांति पैलेस जेलहाता में बैठक की। बैठक में रैली को सफल बनाने को लेकर अहम चर्चा हुई। बैठक में आने वाले लोकसभा चुनाव पर भी चर्चा हुई। अध्यक्षता झामुमो के पलामू अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने की, जबकि संचालन सचिव सन्नू सिद्धिकी ने किया। न्याय उलगुलान महारैली में इंडिया गठबंधन के सभी नेता उपस्थित होंगे।

बैठक में जेएमएम नेताओं के अलावा महागठबंधन की ओर से आरजेडी की अधिकृत उम्मीदवार ममता भुइयां भी शामिल हुई, जिनका स्वागत झामुमो नेताओं ने किया। जेएमएम जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पलामू जिले से 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता उलगुलान रैली में शामिल होंगे।

जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को बताया कि आने वाले 21 अप्रैल को रांची के प्रभात तारा मैदान में उलगुलान रैली का आयोजन होने वाला है। इसके लिए झामुमो पलामू भी पूरी तरीके से कमर कस चुका है और इसकी तैयारी युद्ध स्तर पर की जा रही है।

राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि झामुमो के कार्यकर्ता अब उलगुलान की तैयारी कर चुके हैं, अपने नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जी के जेल जाने के वजह झामुमो के कार्यकर्ताओं और आम जनता में बहुत आक्रोश है। रांची में हो रहे उलगुलान रैली के बाद भाजपा के होश उड़ जाएंगे। पलामू से लगभग पंद्रह हजार कार्यकर्ता रांची रैली में भाग लेने जाएंगे। सभी प्रखंडों से ले कर पंचायत स्तर तक कार्यकर्ता रैली को ले कर जोश में हैं। साथ आने वाले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी को भारी बहुमत दिलाने का कार्य झामुमो करेगी।

वहीं पलामू लोकसभा से गठबंधन की आरजेडी उम्मीदवार ममता भुइंया ने कहा कि वो भी इस रैली में आरजेडी कार्यकर्ताओं के साथ दमखम से शामिल होंगी। कहा कि झामुमो का साथ महागठबंधन को पूर्ण रूप से मिल रहा है। इस लोकसभा में चुनाव में महागठबंधन की जीत निश्चित है। झामुमो के कार्यकर्ता भी चुनाव को लेकर बहुत उत्साहित हैं और महागठबंधन को जीत मिले इसके लिए बहुत मेहनत से कार्य कर रहे हैं।

बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य संजीव तिवारी, सुनील तिवारी, मुन्ना सिन्हा, मनोज गुप्ता, चंदन सिन्हा, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह, उपाध्यक्ष कमाल खान, रंजन चंद्रवंशी, राकेश सिन्हा, रंगबहादुर सिंह, साथ ही सैकड़ों प्रखंड और जिला के पदाधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर