पर्यटन मंत्री एवं वन मंत्री ने किया रपडी ईको टूरिज्म सेंटर का लोकार्पण

फिरोजाबाद, 16 फरवरी (हि.स.)। फिरोजाबाद के रपडी बीहड़ क्षेत्र में कभी डकैतों की गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देती थी लेकिन अब यहां टूरिस्ट प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ़ उठाएंगें। शुक्रवार को पर्यटन और वन मंत्री ने रपडी ईको टूरिज्म सेंटर का लोकार्पण किया।

उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह एवं वन मंत्री अरूण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को रपडी पहुँचकर लगभग 2 करोड की लागत से 354 है. में बीहड़ वन क्षेत्र व यमुना नदी के किनारें बनाये गये रपडी ईको टूरिज्म सेंटर का लोकार्पण किया। रपडी के बीहड क्षेत्र में बने इस ईको टूरिज्म सर्किट में बीहड क्षेत्र को प्रकृति के बीच एक बेहतरीन पर्यटन कलाकृति का आकार दिया गया है।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस ईको टूरिज्म के निर्माण होने से इस बीहड क्षेत्र में पर्यटन और विकास की संभावना बढने के साथ नये रोजगार भी सृजित होगें। पर्यटन विभाग लगातार हर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का विकास करा रहा है। इस ईको टूरिज्म क्षेत्र के निर्माण से यहाँ आने वाले सैलानी कॉटेज, नैचर ट्रेल और प्राकृतिक मनोरम वातारण का पूरा लुफ्त उठा सकेगें।

वन मंत्री अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि एक वर्ष पूर्व इस क्षेत्र की स्थिति क्या थी, यह सबने देखा है। अब रपडी जनपद का प्रथम नया ईको स्थल बन चुका है। इसे भविष्य में और भी विकसित करने के पूरे प्रयास किये जायेगें। हमने यहाँ पर्यटन विभाग के सहयोग से पर्यटकों के लिये ढेरों सुविधायें रखी है। यहाँ लोगों को यमुना में मोटरबोट की सवारी के साथ साथ प्रकृति का आनंद भी मिलेगा। जहाँ नेचर ट्रेल से बीहड का शांत और सुकून देने वाला नजारा दिखेगा साथ ही बटरफ्लाई पार्क इस ईको टूरिज्म क्षेत्र का बिशेष आर्कषण रहेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप यादव, मुख्य वन संरक्षक कानपुर मण्डल केके सिंह, मुख्य वन संरक्षक गंगाप्रसाद, वन संरक्षक अनिल पटेल, पर्यटन निदेशक प्रखर मिश्रा, डीएफओ विकास नायक, डीएफओ चम्बल आरूषि मिश्रा आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर