24 करोड़ की हेरोइन के साथ कछार पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार

कछार (असम), 23 फरवरी (हि.स.)। 24 करोड़ रुपए कीमत की हेरोइन के साथ कछार पुलिस ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने इस बरामदगी के लिए कछार पुलिस को शाबाशी दी।

कछार पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार एक विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर कछार पुलिस ने आज तड़के धोलाई थानाक्षेत्र के इस्लामाबाद, बाघा बाजार में ड्रग्स के परिवहन के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा और तीस (30) साबुनदानी और चार काले चमड़े के बैग बरामद किए।

बैग से लगभग 4.765 किलोग्राम हेरोइन बरामद किया गया। पकड़े गए तस्कर की पहचान मोहम्मद अब्दुल हुसैन लस्कर (35) के रूप में हुई है। काले बाजार में नशीले पदार्थ की कीमत करीब 24 करोड़ रुपये आंकी गई है।

नशीले पदार्थों की खेप अवैध रूप से मिजोरम के आइजोल जिले से लाई गई है। पुलिस आगे की जांच जारी रखे हुए है।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर