लोस चुनाव : उप्र में अब तक पांच लाख से अधिक लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए गए

लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव-2024 को उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए अब तक 5,33,797 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए गए हैं।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सोमवार को यह बताया कि आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन में पुलिस, आयकर, आबकारी, नार्कोटिक्स एवं अन्य विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। सघन जांच के लिए 513 अन्तरराज्यीय चेक पोस्ट एवं 1847 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित किये गये हैं।

पुलिस विभाग ने अब तक 5,33,797 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराये गये। इसके अलावा अपराधिक व्यक्तियों के 447 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये हैं। 3,864 लाइसेंसी शस्त्र निरस्त कर जमा कराये गए हैं। इसी प्रकार सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 15,25,683 लोगों को पाबन्द किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 3,129 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 3,422 कारतूस, 47 किलोग्राम विस्फोटक व 145 बम बरामद कर सीज किया है। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने वाले 701 केन्द्रों पर रेड डाली और 67 केन्द्रों को सीज किया गया है।

उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में 31 मार्च को पुलिस विभाग द्वारा 23,627 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराये गये। इसके अलावा अपराधिक व्यक्तियों के 33 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये गये। दो लाइसेंसी शस्त्र निरस्त कर जमा कराये गये। सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 86,395 लोगों को पाबन्द किया गया। साथ ही 237 बिना लाइसेंस के अवैध शस्त्र, 227 कारतूस, 08 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने वाले 75 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 04 केन्द्रों को सीज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर