महिला ने लगाया युवा कल्याण अधिकारी पर 18 साल से यौन शोषण करने का आरोप

चंपावत, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिला युवा कल्याण अधिकारी पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित पांच धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। एसएसआई मीनाक्षी नौटियाल मामले की जांच कर रही हैं।

40 वर्षीय एक महिला ने जिला युवा कल्याण अधिकारी पर पिछले 18 साल से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। चंपावत की पीड़िता का आरोप है कि युवा कल्याण अधिकारी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय से उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता ने कहा कि आरोपित ने अपनी पत्नी से तलाक होने की बात कही थी। उसके मुताबिक लंबे समय से पीड़िता को शादी करने का यह अधिकारी झांसा दे रहा था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बीते दिनों जब आरोपी से शादी के लिए कहा गया, तो वह मुकर गया। पीड़िता ने अफसर पर दुष्कर्म के अलावा उसके साथ फर्जीवाड़ा करने, मारपीट और गाली गलौज करने का भी आरोप लगाया है।

कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपित जिला युवा कल्याण अधिकारी मोहन सिंह नगन्याल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 323, 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल ने बताया कि सबूतों को एकत्र करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। आरोपित अधिकारी का मोबाइल बंद होने से इस पूरे मामले में उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव मुरारी/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर