अखिलेश यादव के पीछे ताकत झोकेगी आम आदमी पार्टी, संजय सिंह ने किया वायदा

लखनऊ, 12 अप्रैल(हि.स.)। कुछ दिनों पहले ही तिहाड़ जेल से छूटे आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। इसके बाद अखिलेश यादव के पीछे अपनी पूरी ताकत झोकने का संजय सिंह ने वायदा किया।

आम आदमी पार्टी के प्रभारी के रुप में संजय सिंह ने बीते दो वर्षो से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और इस दौरान शराब घोटाले में ईडी की गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह तिहाड़ जेल में बंद रहे। शर्तो पर मिली जमानत के बाद संजय सिंह जेल से छूटे तो उत्तर प्रदेश की राजनीति को गरमाने में जुट गए। संजय सिंह शुक्रवार को अखिलेश यादव से मिले।

अखिलेश से मिलने के बाद संजय सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि केन्द्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर रही है। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को जहां भी लोकसभा सीट पर हमारे कार्यकर्ताओं की आवश्कता पड़ेगी, हमारे नेता व कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंक कर प्रत्याशी को जीतायेंगे।

इस पर अखिलेश यादव ने अपनी तरफ से संजय के समर्थन का स्वागत किया और कहा कि यह सामान्य चुनाव नहीं हैं, देश के लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। देश की बदनामी हो रही है। यह पहला चुनाव होगा, जिसमें जनता चुनाव लड़ रही है। संजय सिंह ने समाजवादी लोगों का समर्थन किया है। इसके लिए आभार है।

उन्होंने कहा कि संजय सिंह को जेल में भेजा गया, परेशान करने की कोशिश हुई। फिर वह कमजोर नहीं पड़े। देश में बदलाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन किया है। इसमें नये साथियों का भी स्वागत है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर